रीवा जिले के मनगवां विधानसभा से भाजपा विधायक पंचूलाल प्रजापति का अचानक स्वास्थ्य खराब हो गया है। उनको आनन फानन में संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां चिकित्सकों ने हीमोग्लोबिन की कमी बताई है। एहतियात के तौर पर विधायक को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। कहते है सांस लेने में भी परेशानी हो रही है। भाजपा समर्थकों ने बताया कि 9 जून को सीएम शिवराज सिंह चौहान त्योंथर क्षेत्र के कोलगढ़ी में कोल भवन का भूमिपूजन करने आ रहे है। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर मनगवां विधायक लगातार इलाके का दौरा कर रहे थे। वे चार दिन पहले जब भोपाल से आए थे। तभी से तबीयत खराब थी। बुधवार की रात दिक्कत होने पर एसजीएमएच में दाखिल कराया गया है। पंचूलाल प्रजापति वर्ष 1998 में पहली बार आरक्षित सीट देवतालाब विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए। वे दूसरी बार भी देवतालाब विस क्षेत्र से विधायक चुने गए। तीसरी बार मनगवां की आरक्षित सीट से वर्ष 2018 में विधायक बने है। एक मर्तबा 2008 में उनकी पत्नी पन्नाबाई प्रजापति मनगवां से विधायक रह चुकी है।