परासिया: प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी रामनवमी के उपलक्ष्य में हिंदू उत्सव समिति परासिया द्वारा राम जन्मोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। पिछले नौ वर्षों से निरंतर आयोजन कर रही हिंदू उत्सव समिति ने चैत्र नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन प्रातः 5 बजे शहर के विभिन्न क्षेत्रों में प्रभातफेरी के माध्यम से राम नाम कीर्तन किया। इसी कड़ी में 26 मार्च को डीजे नाइट और 27 मार्च को रामनवमी के पावन पर्व पर विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में जनसैलाब उमड़ा।

इस वर्ष की शोभायात्रा में महिला धमाल पार्टी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। शोभायात्रा में आदियोगी, प्रभु श्री राम, हनुमान जी और माता सीता की अशोक वाटिका वाली मनमोहक झांकियां प्रदर्शित की गईं। विशेष रूप से, ब्राह्मण समाज परासिया द्वारा चारों धाम के शंकराचार्यों की आध्यात्मिक परंपरा को समर्पित अद्भुत झांकी ने जनता का ध्यान अपनी ओर खींचा। कार्यक्रम का विधिवत समापन गुरु गोविंद चौक में भव्य आतिशबाजी और सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ के साथ हुआ। समिति के इस आयोजन की विशेषता यह है कि इसमें सभी राजनीतिक दलों के नेता वैचारिक मतभेद भुलाकर एक साथ धार्मिक उल्लास में सम्मिलित होते हैं।