मेघालय पाइनएप्पल फेस्टिवल 2025 के तीसरा संस्करण
नई दिल्ली: मेघालय पाइनएप्पल फेस्टिवल, 2025, अपने तीसरे संस्करण के साथ आज दिल्ली हाट, नई दिल्ली में एक बार फिर लौटा। यह पर्व न केवल मेघालय की कृषि सफलता का उत्सव है, बल्कि भारत के किसानों के उज्ज्वल भविष्य की झलक भी है।
कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री माननीय श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा किया गया, जिनके साथ मेघालय के मुख्यमंत्री माननीय श्री कॉनराड के संगमा, तथा भारत सरकार और मेघालय सरकार के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
श्री चौहान ने अपने संबोधन में कहा, “आज दिल्ली की हवाओं में मेघालय की महक महसूस की जा रही है। यहां की फिजाएं आज मेघालय के अनानास से सराबोर हैं। मुझे पहले से पता था कि मेघालय में बहुत अच्छा अनानास होता है, लेकिन जब आज मैंने खाया, तो खाता ही रह गया। ऐसा रस और ऐसी मिठास मैंने किसी अनानास में नहीं देखी। यह सिर्फ रस नहीं है, यह मेघालय की माटी की मिठास है- यह मेघालय का प्रेम है पूरे हिंदुस्तान के लिए।”
उन्होंने आगे कहा, “अगर दुनिया में कहीं स्वर्ग है, तो वह मेघालय में है। यहां के उत्पाद लगभग जैविक हैं और आपने जो मार्केटिंग और वैल्यू एडिशन के प्रयास किए हैं, उससे तीसरे साल में यह साबित हुआ है कि मेघालय के उत्पाद अद्भुत हैं। कटहल, फल, कॉफी, पाइनएप्पल, मशरूम - सब कुछ शानदार है।”
“मैं भारत सरकार की ओर से यह भरोसा देता हूं कि जब भी मेघालय से आवाज़ आएगी, भारत सरकार और कृषि मंत्रालय हमेशा आपके साथ खड़े रहेंगे।” श्री चौहान ने दिल्लीवासियों से भी आग्रह किया कि वे इस उत्सव में जरूर आएं और "मेघालय के दिल और धड़कन को इस अनानास के ज़रिए महसूस करें।"
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री कॉनराड के संगमा ने मेघालय की कृषि क्षेत्र में उपलब्धियों को साझा करते हुए बताया, “हमारा राज्य हर वर्ष लगभग 1.5 लाख मीट्रिक टन अनानास का उत्पादन करता है, जिसमें से अधिकांश नॉर्थ ईस्ट में ही बिकता है। पिछले कुछ वर्षों में हमने विभिन्न ब्लॉकों में प्रोसेसिंग यूनिट्स स्थापित की हैं, ताकि केवल अनानास ही नहीं बल्कि हल्दी, काली मिर्च जैसे उत्पादों का अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता और पैकेजिंग मानकों के अनुसार मूल्य संवर्धन किया जा सके। हमारा लक्ष्य 55 ब्लॉकों में प्रमुख वैल्यू चेन के अनुसार ऐसी 40 यूनिट्स स्थापित करना है।”
तेजस्वी यादव बोले- भाजपा और RSS संविधान बदलना चाहती हैं
भोपाल में गंभीर अपराध, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश
वंदे मातरम् विवाद: मोहन यादव ने मांगा इस्तीफा, बढ़ा राजनीतिक तनाव