बिना संतुष्टि के बंद हो रहीं शिकायतें, लोग परेशान
प्रदेश की राजधानी भोपाल में ही आम जनों की शिकायतों को लेकर अफसर गंभीर नहीं हैं। यहां अधिकतर शिकायतें बगैर शिकायतकर्ता की संतुष्टि के ही बंद की जा रही हैं। आंकड़ों पर गौर करें तो भोपाल में एक माह में 20 हजार से अधिक शिकायतें दर्ज होती हैं। संतुष्टि के साथ बंद शिकायतों का प्रतिशत 25 से 40 के बीच है। 60 फीसदी शिकायतें फोर्स क्लोजर की जा रही हैं। जबकि एडीएम व कलेक्टर अधिकारियों को कह चुके हैं कि फोर्स क्लोजर न करें। 10 फीसदी शिकायतें ऐसी जो 50 दिन से अधिक समय से पेंडिंग हैं। 12 फीसदी शिकायतों को अटेंड ही नहीं किया गया। यही वजह है कि इससे शिकायत निवारण में जिले को फिर बी ग्रेड मिला है और शिकायत निवारण में प्रदेश में 17वीं रैंक मिली है।
45 विभागों की एक माह में 19 हजार शिकायतों में 5000 पेंडिंग
सरकारी विभागों से आम आदमी की शिकायतें दूर नहीं हो पा रही हैं। शिकायत निवारण को लेकर नई रिपोर्ट में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। एक माह में जिले के 45 विभागों से जुड़ी 19 हजार के करीब शिकायतें दर्ज हुई। स्थिति ये कि संबंधित विभाग इनमें से पांच हजार शिकायतों का निपटान एक माह में भी नहीं कर पाया।
आंकड़ों पर नजर
62 फीसदी शिकायतें नगर निगम में सीवेज-सफाई से संबंधित
73 फीसदी शिकायतें राजस्व में नामांतरण- सीमांकन को लेकर
48 फीसदी शिकायतें पुलिस में प्रकरण पर सुनवाई नहीं करने की
75 फीसदी शिकायतें ऊर्जा में फॉल्ट व बिजली गुल की
65 फीसदी शिकायतें स्वास्थ्य में इलाज में लापरवाही की
कहां-कितनी शिकायतें पेंडिंग
विभाग शिकायतें पेंड़िंग
नगर निगम 5352 1468
पुलिस 3651 637
ऊजा 1800 411
राजस्व 1688 381
स्वास्थ्य 972 192
शिकायतें : 20 मई 2025 से 16 जून 2025 तक की हैं
महापौर हेल्पलाइन में जून में अब तक 1727 शिकायतें दर्ज
महापौर हेल्पलाइन में जून के 16 दिन में कुल 1727 शिकायतें दर्ज की गईं। 1727 में से 628 शिकायतें सीवेज की थीं, जिसमें से 384 का निवारण हुआ। महापौर मालती राय ने कहा कि सबसे ज्यादा सीवेज की शिकायत पेंडिंग हैं। बारिश का मौसम होने से दिक्कतें हो सकती हैं। इसलिए अफसरों से बात की है। भोपाल स्मार्ट सिटी कंट्रोल रूम से महापौर राय ने मोबाइल पर अफसरों को कॉल करके निर्देश भी दिए। समीक्षा के दौरान महापौर ने शिकायत करने वाले लोगों से बात भी की। उनसे पूछा कि उन्होंने जो शिकायत की थी, वह दूर हुई या नहीं। महापौर राय ने बताया कि 1 जून से अब तक 1727 में से 912 शिकायतों का निराकरण हो चुका है। 816 पेंडिंग है। इन्हें जल्द दूर किया जा रहा है। स्ट्रीट लाइट, स्ट्रीट डॉग्स, सीवेज, सफाई समेत निगम से जुड़ी अन्य समस्याएं हैं तो नागरिक निगम को कॉल करके शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए महापौर हेल्पलाइन नंबर-155304 पर कॉल करना होगा।