सिंगरौली : सिंगरौली जिले के भाजपा मंडल मोरवा के अध्यक्ष विनोद सिंह कुरवंशी की गिरफ्तारी और उन्हें पार्टी से निष्कासन की मांग को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. शुक्रवार को अखिल भारतीय बैसवार महासभा और भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़कों से लेकर संगठन कार्यालय तक कड़ा विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर असंतोष जताया. मामला 26 दिसंबर का है, जब एनसीएल मुख्यालय के सामने संविदाकार शंकर प्रसाद बैस के पुत्र सत्यनारायण बैस के साथ मंडल अध्यक्ष विनोद सिंह कुरवंशी और उनके सहयोगियों द्वारा कथित तौर पर बेरहमी से मारपीट की गई थी. हालांकि मोरवा पुलिस ने इस मामले में सात लोगों के विरुद्ध बीएनएस (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध किया है, लेकिन पीड़ित समाज और कार्यकर्ताओं का आरोप है कि आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कदम नहीं उठाए गए हैं और धाराओं को कमजोर रखा गया है.

विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा जिला कार्यालय पहुंचकर जमकर नारेबाजी की और जिला अध्यक्ष सुंदरलाल शाह के साथ-साथ सांसद डॉ. राजेश मिश्रा को भी ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट अल्टीमेटम दिया है कि यदि 5 जनवरी के पूर्व आरोपियों की गिरफ्तारी, धाराओं में सुधार और संगठनात्मक कार्यवाही नहीं होती है, तो वे पुलिस अधीक्षक कार्यालय और भाजपा जिला कार्यालय का घेराव करेंगे. राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि समय रहते प्रभावी कार्यवाही न होने पर यह आंदोलन पार्टी के लिए गहरा अंदरूनी संकट खड़ा कर सकता है. फिलहाल, समाज के सैकड़ों लोगों और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों की नजरें आगामी 5 जनवरी की समय सीमा पर टिकी हैं, जब यह सांकेतिक विरोध एक बड़े जन आंदोलन में बदल सकता है.