राजधानी में 2030 तक हर घर में पहुंचेगी पीएनजी

9 साल में प्रदेश भर में बिछेगी पाइपलाइन, लेकिन 30 जिलों में काम शुरू नहीं
भोपाल। प्रदेश सरकार ने राजधानी भोपाल में 2030 तक हर घर में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) पाइप लाइन के माध्यम से पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। वहीं प्रदेश भर में कंपनियों को सरकार ने 9 साल का समय दिया है, लेकिन अभी तक 30 जिलों में काम नहीं शुरू हुआ है, जिससे इनमें एक भी पीएनजी कनेक्शन नहीं दिए गए हैं। अनूपपुर, दतिया सहित 30 जिलों में पीएनजी का काम अभी तक शुरू नहीं हो सका है। इसका कारण इन जिलों में आयल कंपनियों को काम डेढ़ साल पहले दिया गया था। ग्रामीण क्षेत्रों में गैस पाइप लाइन बिछाने की शुरुआत नहीं हो सकी हो सकी है। भोपाल और इंदौर में 2030 तक गैस पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा हो जाएगा। जबकि सीएनजी गैस की सप्लाई के लिए अलग-अलग कॉरिडोर बनाए गए हैं। पाइप लाइन बिछाने और गैस की सप्लाई के लिए 10 कंपनियों को काम दिया गया है। कर्मवीर शर्मा, आयुक्त, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने बताया कि कंपनियों को सभी घरों तक पाइप लाइन बिछाने के लिए 9 साल का समय दिया गया है। अलग-अलग जिलों के लिए अलग-अलग समय में कंपनियों को काम करने के आर्डर दिए गए हैं। इसके चलते कुछ जिलों में बहुत अच्छा काम चल रहा है।
पीएनजी कनेक्शन के मामले में भोपाल तीसरे स्थान पर
प्रदेशभर में पाइपलाइन के माध्यम से गैस सप्लाई के मामले में भोपाल तीसरे स्थान पर है। यहां अब तक 36598 घरों में पीएनजी गैस सप्लाई हो रही है। वहीं इंदौर इस मामले में अव्वल है। वहां 90129 घरों में पीएनजी की सप्लाई हो रही है। जबकि ग्वालियर 62693 घरों के साथ तीसरे स्थान पर है। इसके बाद उज्जैन व देवास का नंबर आता है। जहां क्रमश: 34874, 22750 घरों में पीएनजी की आपूर्ति हो रही है। प्रदेश की बात करें तो तीन साल में अब तक सिर्फ 319268 घरों में ही पीएनजी पहुंचाई जा सकी है। जबकि जनगणना 2011 के अनुसार, मध्य प्रदेश में कुल घरों की संख्या 1.40 करोड़ है। इनमें ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के घर शामिल हैं।
15 फीसदी तक सस्ती मिलेगी गैस
पीएनजी 10 से 15 फीसदी सस्ते दामों में मिलेगी। इसकी मुख्य वजह है कि निजी कंपनियों को गैस परिवहन नहीं करना पड़ेगा। इसके साथ ही गैस की रिफिलिंग और सिलेंडर की लागत राशि भी नहीं लगेगी। इसके साथ ही 24 घंटे गैस सप्लाई होगी और पर्यावरण को कोई नुकसान नहीं होगा। सीएनजी के कनेक्शन के लिए उपभोक्ता को 6000 रुपए देना होता है। पहले 600 रुपए एक साथ देना अनिवार्य है और शेष राशि किस्तों में देने की सुविधा है। पीएनजी गैस सीएनजी से सस्ती पड़ रही है। पीएनजी सप्लाई के लिए सुरक्षा के मानदंड उच्च कोटि के हैं। गैस की पाइप लाइन में तीन जगह पर वाल्व होंगे। पहला वाल्व किचन में, दूसरा मीटर के पास और तीसरा घर के बाहर। इसके अलावा पाइप लाइन में एक विशेष केमिकल होगा, जिससे गैस रिसाव पर तेजी से बदबू आएगी।
अब तक पहुंची गैस के आंकड़े
घरों में कनेक्शन : 319268
सीएनरजी स्टेशन : 378
उद्योगों में कनेक्शन : 617
होटल व व्यावसायिक संस्थानों में कनेक्शन : 652